Last Updated:
दिल्ली हाईकोर्ट ने ‘दृश्यम 3’ के ओटीटी राइट्स को लेकर अमेजन प्राइम वीडियो को बड़ी राहत दी है. हाईकोर्ट ने मोहनलाल की प्रोडक्शन कंपनी, आशीर्वाद सिनेमाज पर किसी तीसरी पार्टी के साथ डील करने पर अंतरिम रोक लगा दी है. विवाद तब शुरू हुआ, जब प्रोडक्शन हाउस ने 2020 के समझौते का उल्लंघन करते हुए दूसरी कंपनी से बातचीत शुरू की. अमेजन का तर्क है कि ‘अमेजन ऑप्शन’ क्लॉज के तहत भविष्य की फिल्मों पर पहला हक उनका है. फिलहाल, दोनों पक्ष आपसी समझौते से विवाद सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसकी अगली सुनवाई 15 मई को होगी.

मलयालम फिल्म ‘दृश्यम 3’ को मई में रिलीज करने की योजना है.
नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में मशहूर एक्टर मोहनलाल की प्रोडक्शन कंपनी ‘आशीर्वाद सिनेमाज’ को एक बड़ा झटका देते हुए अमेजन प्राइम वीडियो के पक्ष में फैसला सुनाया है. मामला ‘दृश्यम’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म फ्रेंचाइजी के ओटीटी राइट्स से जुड़ा है. अमेजन ने कोर्ट को बताया कि साल 2020 में उनके और प्रोडक्शन हाउस के बीच एक खास एग्रीमेंट हुआ था, जिसके मुताबिक ‘दृश्यम’ सीरीज की आने वाली किसी भी फिल्म के डिजिटल राइट्स पर पहला हक अमेजन का होगा. दरअसल, इस कॉन्ट्रैक्ट में एक ‘अमेजन ऑप्शन’ क्लॉज था, जो कहता है कि अगर इस फ्रेंचाइजी की कोई नई फिल्म बनती है, तो लाइसेंस के लिए प्रोडक्शन हाउस को सबसे पहले अमेजन से ही बात करनी होगी और वे किसी तीसरी पार्टी के साथ गुपचुप डील नहीं कर सकते.
विवाद तब शुरू हुआ, जब अमेजन को पता चला कि आशीर्वाद सिनेमाज ‘दृश्यम 3’ के ओटीटी राइट्स के लिए किसी और कंपनी से बातचीत कर रहा है. जब अमेजन ने इस पर ऐतराज जताया, तो प्रोडक्शन हाउस ने पुराने समझौते को एकतरफा खत्म करने की बात कह दी और नए ऑफर के साथ आगे बढ़ने की जिद पकड़ ली. इसके बाद, अमेजन ने अपनी बिजनेस डील को बचाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साफ कर दिया कि अगली सुनवाई तक ‘दृश्यम 3’ के ओटीटी राइट्स को लेकर किसी भी तीसरी पार्टी के साथ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा. यह रोक न केवल मूल मलयालम फिल्म पर बल्कि इसके डब वर्जन और हिंदी रीमेक पर भी लागू होगी.
मई में रिलीज हो सकती है ‘दृश्यम 3’
अब इस कानूनी लड़ाई में सुलह की गुंजाइश दिख रही है. 20 अप्रैल को हुई ताजा सुनवाई के दौरान अमेजन ने कोर्ट को जानकारी दी कि दोनों पक्ष अब बैठकर विवाद को शांति से सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं और अगले दो हफ्तों में किसी ठोस नतीजे या आपसी समझौते पर पहुंच सकते हैं. कोर्ट ने इस पॉजिटिव रुख को देखते हुए मामले की अगली सुनवाई 15 मई के लिए तय की है. तब तक के लिए अमेजन के पक्ष में लगी यह अंतरिम रोक जारी रहेगी. फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि ‘दृश्यम 3’ के इसी साल मई में रिलीज होने की संभावना है और इस कानूनी निपटारे के बाद फिल्म के ओटीटी प्लेटफॉर्म का रास्ता भी साफ हो जाएगा.
About the Author
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें
Leave a Reply