6 घंटे पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल
- कॉपी लिंक

शकरकंद सेहत का खजाना है। 50 ग्राम की एक छोटी सी शकरकंद भी रोज खाएं तो उससे 4 ग्राम फाइबर मिलता है। यह एक न्यूट्रिएंट रिच फूड है, जिसमें विटामिन A, विटामिन C, फाइबर, पोटेशियम और एंटीऑक्सिडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं।
हालांकि शकरकंद को बाहर से गुलाबी और चमकदार दिखाने के लिए उसमें मिलावट भी खूब होती है। मिलावटखोर बाजार में मिलने वाली गुलाबी या गहरे बैंगनी रंग की शकरकंद को ज्यादा ताजा, चमकदार और आकर्षक दिखाने के लिए केमिकल रंगों का इस्तेमाल करते हैं। ये सिंथेटिक कलर शरीर के लिए बहुत नुकसानदायक हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए हाल ही में फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने मिलावटी शकरकंद को लेकर सतर्क किया है। साथ ही मिलावट पहचाने का एक आसान तरीका भी बताया है।
तो चलिए, आज जरूरत की खबर में हम शकरकंद के बारे में विस्तार से बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-
- शकरकंद में किस चीज की मिलावट की जा रही है?
- घर पर शकरकंद में मिलावट की जांच कैसे करें?
एक्सपर्ट:
डॉ. रोहित शर्मा, कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, जयपुर
डॉ. उमेश कुमार, फूड एनालिस्ट, फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, उत्तर प्रदेश
सवाल- शकरकंद में किस चीज की मिलावट की जा रही है?
जवाब- शकरकंद में सिंथेटिक केमिकल रंग रोडामाइन-बी (Rhodamine B) की मिलावट की जा रही है। इसे शकरकंद को ज्यादा लाल, गुलाबी और चमकदार दिखाने के लिए ऊपर से लगाया जाता है।
सवाल- रोडामाइन-बी क्या होता है?
जवाब- यह एक सिंथेटिक केमिकल डाई है। इसका इस्तेमाल कपड़े, कागज और पेंट जैसे इंडस्ट्रियल कामों में होता है। यह खाने की चीजों में इस्तेमाल करने के लिए बिल्कुल सुरक्षित नहीं है। FSSAI के मुताबिक, भारत में खाद्य पदार्थों में इसका उपयोग प्रतिबंधित है।

सवाल- रोडामाइन-बी खाने से किस तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स हो सकती हैं?
जवाब- नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक, रोडामाइन-बी खाने के लिए बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है। यह एक जहरीला केमिकल डाई है, जो शरीर पर नकारात्मक असर डाल सकता है। इसके सेवन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का खतरा भी बढ़ता है।
यह केमिकल धीरे-धीरे शरीर के अंदरूनी अंगों को कमजोर करता है और कई तरह की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकता है। नीचे दिए गए ग्राफिक से रोडामाइन-बी के हेल्थ रिस्क समझिए–

सवाल- घर पर शकरकंद में मिलावट की जांच कैसे करें?
जवाब- FSSAI ने घर पर शकरकंद में मिलावट की जांच के लिए एक आसान तरीका बताया है। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

इसके अलावा भी कुछ अन्य आसान घरेलू तरीकों से शकरकंद की शुद्धता की पहचान कर सकते हैं। जैसेकि-
- शकरकंद का एक छोटा टुकड़ा कुछ देर के लिए पानी में डाल दें। अगर पानी का रंग बदल जाए तो यह मिलावट का संकेत है।
- शुद्ध शकरकंद को सूंघने पर उसमें मिट्टी जैसी हल्की और नेचुरल खुशबू आती है। जबकि केमिकल लगे शकरकंद से तेज और अजीब सी गंध आती है।
- अगर शकरकंद बहुत ज्यादा चिकना और चमकीला दिखे तो उस पर मोम या किसी केमिकल का इस्तेमाल हो सकता है।
सवाल- बाजार से शकरकंद खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
जवाब- फूड एनालिस्ट डॉ. उमेश कुमार बताते हैं कि बाजार से शकरकंद खरीदते समय कुछ बुनियादी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। जैसेकि-
- बहुत ज्यादा परफेक्ट, चिकने और चमकदार शकरकंद न खरीदें।
- हल्के-फुल्के टेढ़े-मेढ़े और दाग-धब्बों वाले शकरकंद ज्यादा ऑर्गेनिक होते हैं।
- हमेशा भरोसेमंद और लोकल सब्जी विक्रेता से ही खरीदें।
- शकरकंद सर्दियों के मौसम में आती है। दूसरे मौसमों में मिले तो न खरीदें।
- असामान्य चमक दिखे तो न खरीदें।
- घर लाने के बाद अच्छी तरह धोकर ही इस्तेमाल करें।

सवाल- फूड में मिलावट की शिकायत कहां और कैसे कर सकते हैं?
जवाब- FSSAI के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-112-100 पर कॉल करके किसी भी फूड में मिलावट की शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ एप और FSSAI की आधिकारिक वेबसाइट fssai.gov.in पर जाकर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।
साथ ही अपने नजदीकी फूड सेफ्टी ऑफिसर या फूड विभाग के कार्यालय में जाकर लिखित शिकायत भी कर सकते हैं।
ध्यान रखें, शिकायत करते समय दुकान का नाम, पता, रसीद, प्रोडक्ट का नाम और संभव हो तो फोटो/वीडियो जरूर साझा करें। इससे जल्द कार्रवाई में मदद मिलती है।
सवाल- फूड में मिलावट पाए जाने पर क्या कार्रवाई हो सकती है?
जवाब- फूड में मिलावट पाए जाने पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाती है। इसके तहत कुछ एक्शन लिए जा सकते हैं। जैसेकि-
- मिलावटी खाद्य पदार्थ को तुरंत जब्त कर नष्ट किया जा सकता है।
- दोषी पाए जाने पर भारी जुर्माना लगाया जाता है।
- दुकानदार या विक्रेता का लाइसेंस रद्द या सस्पेंड किया जा सकता है।
- गंभीर मामलों में कानूनी कार्रवाई और जेल की सजा भी हो सकती है।
शकरकंद के हेल्थ बेनिफिट्स
कॉमन सवाल और जवाब
सवाल- शकरकंद में कौन-कौन से पोषक तत्व पाए जाते हैं?
जवाब- यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर (USDA) के मुताबिक, शकरकंद में कई जरूरी विटामिन्स, मिनरल्स होते हैं। नीचे दिए ग्राफिक से 180 ग्राम शकरकंद की न्यूट्रिशनल वैल्यू समझिए-

सवाल- शकरकंद खाने के क्या फायदे हैं?
जवाब- यह एक इम्यूनिटी बूस्टर सुपरफूड फूड है। डेली शकरकंद खाने से शरीर को कई तरह से फायदा मिलता है। इसमें एंटीडायबिटिक है और एंटी कैंसर गुण होता है। यह शरीर में इंफ्लेमेशन कम करने में मददगार है। साथ ही हार्ट हेल्थ के लिए भी फायदेमंद है। नीचे ग्राफिक से इसके हेल्थ बेनिफिट्स समझिए-

सवाल- शकरकंद को अपनी डाइट में कैसे शामिल कर सकते हैं?
जवाब- शकरकंद को कई आसान और हेल्दी तरीकों से अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। जैसेकि-
- उबालकर नमक-नींबू के साथ स्नैक की तरह खा सकते हैं।
- भूनकर या रोस्ट करके हेल्दी स्नैक बना सकते हैं।
- शकरकंद की चाट बनाकर खा सकते हैं।
- व्रत में फलाहारी रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।
- शकरकंद की सब्जी बनाकर रोटी, पराठे के साथ खा सकते हैं।
- टिक्की या कटलेट बनाकर खा सकते हैं।
- हलवा या खीर जैसे हेल्दी डेजर्ट बना सकते हैं।
सवाल- किन लोगों को शकरकंद नहीं खानी चाहिए?
जवाब- अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल (जयपुर) के इंटरनल मेडिसिन कंसल्टेंट डॉ. रोहित शर्मा बताते हैं कि शकरकंद में ऑक्सलेट की मात्रा ज्यादा होती है। इसलिए कुछ लोगों को इसे खाने से बचना चाहिए। जैसेकि-
- जिन लोगों को किडनी स्टोन की समस्या है।
- जिन्हें अक्सर पेट दर्द, डायरिया या ब्लोटिंग की समस्या रहती है।
- जिन लोगों को शकरकंद से एलर्जी है।
आमतौर पर शकरकंद हेल्दी होता है। लेकिन अगर आपको कोई हेल्थ कंडीशन है तो इसे खाने से पहले एक बार डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
…………………..
जरूरत की ये खबर भी पढ़िए
जरूरत की खबर- धड़ल्ले से बिक रहा मिलावटी सॉस: डॉक्टर की सलाह- स्ट्रीट फूड न खाएं, घर पर ऐसे करें सॉस में मिलावट की पहचान

मिलावटी सॉस में इस्तेमाल होने वाले आर्टिफिशियल कलर, केमिकल फ्लेवर और हैवी प्रिजर्वेटिव्स सेहत पर गंभीर असर डाल सकते हैं। इसे रोज खाने से पेट दर्द, गैस, एसिडिटी, उल्टी और दस्त जैसी पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। पूरी खबर पढ़िए…
Leave a Reply