Last Updated:
Bhoot Bangla Public Review Patna: पटना के गांधी मैदान के पास स्थित रिजेंट सिनेमा हॉल से फर्स्ट शो देखकर बाहर निकले लोगों ने फिल्म को हॉरर और कॉमेडी का मजेदार कॉम्बिनेशन बताया. किसी ने इसे एवरेज लेकिन एंटरटेनिंग कहा, तो किसी ने अक्षय कुमार की पुरानी कॉमिक स्टाइल की वापसी को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया.
पटना: अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला को लेकर दर्शकों के जबरदस्त रिएक्शन सामने आ रहे हैं. देशभर के सिनेमाघरों में अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी वाली फिल्म भूत बंगला रिलीज हो गई है. गुरुवार को इसका पेड प्रीव्यू रखा गया था. पटना के गांधी मैदान के पास स्थित रिजेंट सिनेमा हॉल से फर्स्ट शो देखकर बाहर निकले लोगों ने फिल्म को हॉरर और कॉमेडी का मजेदार कॉम्बिनेशन बताया. किसी ने इसे एवरेज लेकिन एंटरटेनिंग कहा, तो किसी ने अक्षय कुमार की पुरानी कॉमिक स्टाइल की वापसी को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया.
ज्यादातर दर्शकों का कहना है कि फिल्म में जहां एक तरफ ठहाके लगाने वाले सीन हैं, वहीं कुछ जगहों पर हल्का-फुल्का डर भी महसूस होता है. कुल मिलाकर भूत बंगला दर्शकों को हंसाने और डराने का डबल डोज देने में कामयाब नजर आ रही है.
हंसी के साथ डर भी कायम
फर्स्ट शो देखकर निकल रहे शुभम ने बताया कि उन्हें लगा था थिएटर में काफी भीड़ होगी लेकिन, उम्मीद के मुताबिक भीड़ देखने को नहीं मिली. हालांकि, फिल्म उन्हें अच्छी लगी. उन्होंने कहा कि मूवी में फनी के साथ-साथ हॉरर का भी अच्छा मिक्स है. पहले वाले पार्ट से यह काफी अलग है और इसमें नयापन देखने को मिलता है. अक्षय कुमार की एक्टिंग ने हमेशा की तरह दर्शकों का दिल जीत लिया. राजपाल यादव जब भी स्क्रीन पर नजर आए, लोगों को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया. हालांकि, इस फिल्म में उनका स्क्रीन टाइम ज्यादा नहीं है. फिल्म का ज्यादातर फोकस अक्षय कुमार पर ही रखा गया है. कुल मिलाकर यह फिल्म हॉरर और कॉमेडी का मिक्स है. न बहुत बेहतरीन, न ही बहुत खराब. इसे एक एवरेज फिल्म के तौर पर देखा जा सकता है.
पुराने अवतार में दिखे अक्षय कुमार
दर्शक निकेश श्रीवास्तव ने बताया कि फिल्म एक नंबर है. इसमें अक्षय कुमार की कल्ट क्लासिक कॉमेडी देखने को मिली है. उन्होंने कहा कि चुप-चुप के और भागम भाग जैसी फिल्मों की झलक भी इसमें नजर आती है. फिल्म के क्लाइमेक्स को थोड़ा और हैप्पी एंडिंग दिया जा सकता था. लंबे समय बाद अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी स्क्रीन पर लौटी है. इससे पुराने दौर वाली अक्षय कुमार की कॉमिक स्टाइल फिर से देखने को मिली.
कॉमेडी का पलड़ा भारी
उन्होंने आगे कहा कि फिल्म का सबसे बेहतरीन हिस्सा यही है कि इसमें पुराने वाले अक्षय कुमार नजर आते हैं. वहीं, राजपाल यादव और परेश रावल तो पहले से ही लीजेंड हैं. फिल्म भले ही हॉरर-कॉमेडी है, लेकिन दर्शकों को इसमें ज्यादा हंसी आती है. कुछ सीन में हल्का-फुल्का डर जरूर लगता है, लेकिन कुल मिलाकर फिल्म में कॉमेडी का पलड़ा भारी है.
रजनीश नाम के एक दर्शक ने कहा कि कॉमेडी इतनी है कि पेट दर्द करने लगता है. पूरा थिएटर ठहाके मार के हंसता है लेकिन, कई सीन पर खामोशी छा जाती है. इसके बावजूद हंसी ज्यादा डर कम है. बाकी अक्षय कुमार ऑन द टॉप.
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन का कमबैक गजब
सुमित कुमार ने बताया कि फिल्म की सबसे बड़ी ताकत अक्षय कुमार और प्रियदर्शन का कमबैक है. अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग एक बार फिर शानदार नजर आई है. फिल्म देखते हुए दर्शक डर के साथ-साथ भरपूर एंजॉय भी करते हैं. हल्के अंदाज में स्पॉयलर देते हुए उन्होंने कहा, “आधी हंसी और आधा डर”. इतना कहकर मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए.
डर और कॉमेडी का कॉम्बिनेशन, एंटरटेनिंग है फिल्म
मोहित ने फिल्म को लेकर कहा कि सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाया है. कहानी मुख्य रूप से अक्षय कुमार के इर्द-गिर्द घूमती है. दर्शकों को फिल्म से बांधे रखती है. फिल्म में कॉमेडी का जबरदस्त तड़का है साथ ही हल्का-फुल्का डर भी जुड़ा हुआ है. उनके अनुसार, दोनों का यह कॉम्बिनेशन फिल्म को और दिलचस्प बनाता है.
कुल मिलाकर मोहित के मुताबिक, यह फिल्म पूरी तरह से एंटरटेनमेंट से भरपूर है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें
Leave a Reply