Last Updated:
गुलशन बावरा की जिंदगी जितनी कामयाब रही, उतनी ही संघर्षों से भरी भी थी. बेहद कम लोग जानते हैं कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में पहला मौका एक खास शर्त पर मिला था, जिसमें साफ कहा गया था कि वो कभी एक्टिंग नहीं करेंगे.

कई गीतों को बनाया अमर
नई दिल्ली. ‘चांदी की दीवार न तोड़ी’ और ‘यारी है ईमान मेरा’ जैसे सुपरहिट गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं. इन गानों को लिखने वाले मशहूर गीतकार गुलशन बावरा की जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही.
बहुत कम लोग जानते हैं कि इंडस्ट्री में उनका पहला ब्रेक एक शर्त के साथ मिला था. और वो शर्त थी कि वो कभी एक्टिंग नहीं करेंगे.गुलशन बावरा का असली नाम गुलशन मेहता था. उनका जन्म पाकिस्तान के शेखुपुरा में हुआ था. बंटवारे के दौरान उन्होंने अपने माता-पिता को अपनी आंखों के सामने खो दिया. इसके बाद वो दिल्ली आ गए और वहीं से नई जिंदगी शुरू की.
गीतकार के तौर पर मिला काम
दिल्ली में उन्होंने रेलवे में क्लर्क की नौकरी की, लेकिन उनका मन वहां नहीं लगा. बचपन से ही उन्हें कविता और गीत लिखने का शौक था. यही वजह रही कि उन्होंने नौकरी छोड़कर मुंबई का रुख किया. जब वो फिल्म इंडस्ट्री में नए-नए आए थे, तब उनकी मुलाकात निर्माता-निर्देशक रविंद्र दुबे से हुई. उन्होंने गुलशन को फिल्मों में गाने लिखने का मौका दिया, लेकिन साथ में साफ कह दिया कि वो उनकी फिल्मों में एक्टिंग नहीं करेंगे.
डिस्ट्रीब्यूटर ने दिया था नाम
गुलशन बावरा ने इस शर्त को तुरंत मान लिया, क्योंकि उनका सपना एक्टर बनना नहीं बल्कि गीतकार बनना था. उन्हें फिल्मों ‘चंद्रसेना’ और ‘सट्टा बाजार’ के लिए गाने लिखने का मौका मिला और यहीं से उनके करियर की शुरुआत हुई. फिल्म ‘सट्टा बाजार’ के दौरान उनके अलग अंदाज और रंग-बिरंगे कपड़ों को देखकर एक डिस्ट्रीब्यूटर ने उन्हें ‘बावरा’ नाम दे दिया. इसके बाद वो इसी नाम से मशहूर हो गए.
बता दें कि गुलशन बावरा ने शुरुआत में एक्टिंग न करने की शर्त मानी थी, लेकिन बाद में उन्होंने कई फिल्मों में छोटे-छोटे रोल भी किए. इनमें ‘उपकार’, ‘जाने-अनजाने’, ‘बेईमान’, ‘बीवी हो तो ऐसी’, ‘आप के दीवाने’ और ‘अगर तुम न होते’ जैसी फिल्में शामिल हैं.
About the Author
न्यूज 18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे मुनीष कुमार का डिजिटल मीडिया में 9 सालों का अनुभव है. एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग, लेखन, फिल्म रिव्यू और इंटरव्यू में विशेषज्ञता है. मुनीष ने जामिया मिल्लिया इ…और पढ़ें
Leave a Reply